Tuesday, October 20th, 2026

राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में गैस टैंकर पलटा अनियंत्रित होकर, मार्ग सील

राजनांदगांव
सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया जिसके चलते पुलिस ने एक किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह से सील करते हुए इस मार्ग पर दोनों ओर से आवागम को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार गैस टैंकर क्रमांक एमपी-09 एचएम-4509 राजनांदगांव जिले के इंदामारा के पास अनियंत्रित होकर पलट गया । गैस टैंकर के पलटने के बाद आसपास के लगभग 1 किलोमीटर के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद कोई अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो इसलिए प्रशासन ने 1 किलोमीटर के इलाके को सील कर दिया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। राष्ट्रीय राज मार्ग पर आवाजाही बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम कर दिए हैं। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है। बहरहाल मौके पर पुलिस तैनात है और घटनास्थल की तरफ लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा है। इस घटना की सूचना मिलते ही तेल कंपनी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अफसर वहां पहुंचे और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो।

इधर गैस भरी टैंकर के चालक अख्तर ने बताया कि वह कर्नाटक के बीजापुर से गैस लेकर रायपुर जा रहा था। इसी दौरान आज सुबह करीबन 7 बजे एक अज्ञात कंटेनर द्वारा ओवरटेक किया गया। जिससे उसके गाड़ी के पहिये अनियंत्रित होकर सड़क में पलट गया। इस घटना के दौरान वह और उसका कंडेक्टर वाहन में सवार थे। हादसे में चालक अख्तर के गर्दन और पैर में चोंट लगी है।

 

#राष्ट्रीय राजमार्ग

Source : Agency

पाठको की राय